सिकंदराबाद: विधानसभा क्षेत्र 64-सिकंदराबाद में गुरुवार को कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) संचालकों की एक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता रजिस्ट्रार कानूनगो सिकंदराबाद ने की। इसमें भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए भरे जाने वाले फॉर्म-6 को लेकर CSC संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में स्पष्ट किया गया कि एक ही व्यक्ति का बार-बार फॉर्म-6 जमा न किया जाए। आवेदन जमा करने के बाद SMS प्राप्त नहीं होने पर दोबारा फॉर्म भरने के बजाय पहले पोर्टल पर आवेदन की स्थिति की जांच की जाए। संचालकों को आवेदक का स्वयं का सही और सक्रिय मोबाइल नंबर दर्ज करने तथा किसी भी स्थिति में अपना या काल्पनिक नंबर इस्तेमाल न करने की हिदायत दी गई।
इसके साथ ही OTP प्राप्त करने में देरी होने पर अनावश्यक रूप से बार-बार OTP मंगाने से बचने और आवेदक की सहमति से ही उसका उपयोग करने के निर्देश दिए गए। आवेदन जमा होने के बाद प्राप्त पावती और रेफरेंस नंबर सुरक्षित रखने तथा SMS नहीं आने की स्थिति में इसी नंबर से आवेदन का स्टेटस जांचने को कहा गया। आवश्यकता पड़ने पर हेल्पलाइन नंबर 1950 से संपर्क करने की जानकारी भी दी गई।

अधिकारियों ने फॉर्म-6 में आवेदक का नाम, माता-पिता या पति का नाम, जन्मतिथि और पते सहित सभी जानकारियां दस्तावेजों के अनुसार भरने पर जोर दिया। विशेष रूप से मतदाता का डाक पता और पिनकोड सही दर्ज करने के निर्देश दिए गए, ताकि मतदाता पहचान पत्र (EPIC) का डाक के माध्यम से सही पते पर समय से वितरण हो सके।
बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि आवेदन को अंतिम रूप से सबमिट करने से पहले सभी विवरण आवेदक को दिखाकर सत्यापित कराए जाएं। सबमिट बटन पर एक बार क्लिक करने के बाद पोर्टल की प्रतिक्रिया का इंतजार किया जाए और तकनीकी देरी होने पर बार-बार बटन न दबाया जाए।
बैठक में विधानसभा क्षेत्र 64-सिकंदराबाद के अंतर्गत आने वाले सभी CSC संचालक उपस्थित रहे। अंत में आवश्यक दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील के साथ बैठक का समापन किया गया।




