सिकंदराबाद: बुलंदशहर जिले की सिकंदराबाद कोतवाली पुलिस ने सुनील हत्याकांड का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, मामले में मोनू उर्फ फोनू और सोनू को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल गमछा, बस, मृतक का मोबाइल फोन और टिफिन बरामद किया गया है।
शराब पीने के दौरान विवाद होने का आरोप
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सुनील और दोनों आरोपी बस में बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के बाद गमछे से गला दबाकर सुनील की हत्या कर दी गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज की मदद से खुलासा
पुलिस के अनुसार कोतवाली सिकंदराबाद में दर्ज मुकदमा के तहत मामले की जांच के दौरान साक्ष्य संकलन और सीसीटीवी फुटेज की मदद ली गई। इसके बाद मुखबिर की सूचना पर 29 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब एक बजे गोपालपुर कट से फायर सर्विस की ओर जाने वाले रास्ते पर दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोनू उर्फ फोनू, निवासी रामलालगढ़ी, मंडावरा,कोतवाली सिकंदराबाद और सोनू, निवासी ग्राम झंडा, थाना हाफिजपुर, जिला हापुड़, हाल निवासी मंडावरा, सिकंदराबाद के रूप में हुई है। दोनों की उम्र करीब 35 वर्ष बताई गई है।
बस, गमछा और मृतक का मोबाइल बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल गमछा और बस संख्या UP13ET 3529 बरामद की है। इसके अलावा मृतक का मोबाइल फोन और टिफिन भी बरामद किए जाने की जानकारी दी गई है।
पुलिस के अनुसार, सोनू के खिलाफ हापुड़ जिले के हाफिजपुर थाने में वर्ष 2019 में आबकारी अधिनियम के तहत भी मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।





