सिकंदराबाद। एमएस इंटर कॉलेज में बुधवार को अंतरराष्ट्रीय पुरातन छात्र समागम समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान नवनिर्मित भवनों और प्रथम तल पर बने डॉ. जगदीश प्रसाद भटनागर एडमिनिस्ट्रेटिव ब्लॉक का लोकार्पण किया गया। समारोह में देश-विदेश में विभिन्न क्षेत्रों में पहचान बनाने वाले विद्यालय के पुरातन छात्र शामिल हुए। वर्षों बाद विद्यालय पहुंचे पूर्व छात्र पुराने शिक्षकों और सहपाठियों से मिलकर भावुक नजर आए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता बाबू बुद्धदेव ने की। मुख्य अतिथि के रूप में प्रसिद्ध गीतकार संतोष आनंद और वीर रस के प्रख्यात कवि डॉ. हरिओम पवार मौजूद रहे। इनके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री स्व. रामप्रकाश गुप्त के पुत्र राजीव लोचन, भानु वर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. प्रदीप दीक्षित और सपा के पूर्व एमएलसी जितेंद्र यादव सहित अनेक गणमान्य लोग शामिल हुए।

समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। विद्यालय के नवनिर्माण में आर्थिक सहयोग देने वाले दानदाताओं को सम्मानित किया गया। वहीं, विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले पुरातन छात्रों को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड प्रदान किए गए। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने विद्यालय की गौरवशाली परंपरा और शिक्षा के क्षेत्र में उसके योगदान की सराहना की।
प्रधानाचार्य राममोहन वशिष्ठ और प्रबंधक नितिन भटनागर ने कहा कि पुरातन छात्र किसी भी शैक्षणिक संस्था की अमूल्य धरोहर होते हैं। ऐसे आयोजन पूर्व छात्रों को अपनी मातृसंस्था से जोड़े रखने के साथ नई पीढ़ी को प्रेरणा देते हैं। पूर्व छात्रों की सहभागिता से विद्यालय के विकास को भी गति मिलती है।

इस अवसर पर वरिष्ठ शिक्षक अतुल कुमार गौतम, जेएसपीजी कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रो. वैभव जैन, स्वामी दयाल बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या दीप्ति भदौरिया और वीरेंद्र स्वरूप भटनागर मॉडर्न अकादमी की प्रधानाचार्या नीलम द्विवेदी सहित विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. फारूक ने किया। आयोजन में आकाश द्विवेदी, यूबी सक्सेना, दीपक द्विवेदी, वरुण त्यागी, वीरेश शर्मा, डॉ. अनुपम शर्मा और इश्रत सहित विद्यालय स्टाफ का सहयोग रहा।





