
बुलंदशहर(सिकंदराबाद): विधानसभा क्षेत्र 64-सिकंदराबाद के मतदाताओं की सुविधा के लिए तहसील परिसर स्थित कक्ष संख्या-13 में हेल्प डेस्क स्थापित की गई है। इसके अलावा खंड विकास कार्यालय सिकंदराबाद व गुलावठी तथा खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय सिकंदराबाद में भी हेल्प डेस्क की व्यवस्था की गई है।
हेल्प डेस्क पर प्रत्येक बूथ लेवल अधिकारी (BLO) का नाम, मोबाइल नंबर और मतदाता सूची उपलब्ध रहेगी, ताकि मतदाताओं को निर्वाचन संबंधी जानकारी प्राप्त करने और अपनी समस्याओं के समाधान में आसानी हो सके।
उप जिलाधिकारी एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी सिकंदराबाद ने बताया कि शनिवार 21 नवंबर को विशेष अभियान के तहत विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक मतदान केंद्र पर बीएलओ उपस्थित हैं। अभियान के दौरान नए एवं मतदाता सूची में छूटे हुए पात्र मतदाताओं के फार्म-6 भरवाए जा रहे हैं। वहीं, मतदाता सूची में नाम, पता सहित अन्य विवरणों में संशोधन के लिए फार्म-8 तथा अपात्र मतदाताओं के नाम हटाने के लिए फार्म-7 भरवाए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि मतदाताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए विशेष ध्यान दिया जा रहा है। साथ ही पात्र मतदाताओं से अपील की गई है कि वे विशेष अभियान का लाभ उठाकर मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने एवं आवश्यक संशोधन कराने के लिए संबंधित बीएलओ से संपर्क करें।




